नवादा, 25 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के नवादा जिले के कौवाकोल थाना क्षेत्र में होली का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब युवती को रंग लगाने आए युवकों का विरोध करने पर एक वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, बिझो गांव निवासी राम भज्जू तुरिया के घर गुरुवार को गांव के ही कुछ लोग घुस गए और उनकी नातिन (पुत्री की बेटी) को जबरन रंग लगाने की कोशिश की। विरोध करने पर रंग लगाने आए लोगों ने राम भज्जू और उनके पुत्र महेंद्र तुरिया को मारपीट कर घायल कर दिया।
कौवाकोल के थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने शुक्रवार को बताया कि घायल अवस्था में पिता-पुत्र को इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात राम भज्जू की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में मृतक के पुत्र के बयान पर हत्या की एक प्राथमिकी कौवाकोल थाना में दर्ज कर ली गई है, जिसमें गांव के ही सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
dharmpath.com dharmpath