मुजफ्फरपुर, 29 जून (आईएएनएस)। बिहार के सारण और मुजफ्फपुर जिले के दियारा क्षेत्र से पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के एक 50 हजार रुपये के इनामी सब जोनल कमांडर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक रायफल और कई कारतूस भी बरामद किए हैं।
मुजफ्फरपुर के सहायक पुलिस अधीक्षक (अभियान) राणा ब्रजेश ने बुधवार को बताया कि नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने सारण और मुजफ्फरपुर जिले के दियारा क्षेत्र से भाकपा (माओवादी) के उत्तर बिहार सब जोनल कमेटी के कमांडर अमीन सहनी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक स्वचालित रायफल और कई कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली मकेर थाना के मबाड़ीचक गांव का रहने वाला है और उस पर सरकार ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों अमीन के भाई अनिल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था जिसके कब्जे से पुलिस ने चार रायफलें और दो कुकर बम बरामद किए।
dharmpath.com dharmpath