बांदा, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हिस्से वाले बुंदेलखंड के बांदा जिले में दैवीय आपदा से तबाह किसानों के बीच सरकारी मदद बांटने में सुस्ती बरतने का आरोप जिला प्रशासन पर लगाया गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश रैकवार ने कहा, “पीड़ित किसानों के लिए शासन से मिले 39 करोड़ रुपये में से अब तक महज साढ़े नौ करोड़ रुपये का ही वितरण हुआ है।”
रैकवार ने बताया कि बांदा में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों के बीच सरकारी मदद के तौर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 149 करोड़ रुपये की मांग के एवज में महज 39 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, इस धनराशि को भी यहां का जिला प्रशासन किसानों को बांटने में सुस्ती बरत रहा है।
उन्होंने कहा कि दो मार्च तक सिर्फ नौ करोड़ 58 लाख रुपये ही किसानों में वितरित किए गए हैं, शेष रकम अब भी सरकारी खजाने में जमा है।
इस बारे में बांदा के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डी.एस. पांडेय ने कहा, “दो मार्च तक 25,739 किसानों के बीच नौ करोड़ 58 लाख रुपये की मदद बांटी जा चुकी है, शेष रकम सरकारी खजाने में जमा है और जल्द ही बांटी जाएगी।”
ने कहा, “दैवीय आपदा से पीड़ित किसानों की मदद के लिए शासन से 149 करोड़ तीन लाख रुपये की मांग की गई थी, लेकिन सिर्फ 39 करोड़ तीन लाख रुपये ही मिले हैं। जिले के सभी 760 गांवों में 3,04,116 हेक्टेयर भूमि की फसल को नुकसान पहुंचा है, इसमें 3,32,288 किसान प्रभावित हुए हैं।”
dharmpath.com dharmpath