लखनऊ, 13 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को राज्य के बेरोजगार युवकों को लेकर काफी चिंतित दिखाई दिए।
अखिलेश ने लखनऊ में प्रतियोगी परीक्षा संबंधित पत्रिका ‘नया लक्ष्य’ के विमोचन के दौरान कहा, “आज के हालात को देखकर लगता है कि हमारे युवा बिना नौकरी के ही बूढ़े हो जाएंगे, इसलिए उन्हें जल्द से जल्द नौकरी देना बेहद जरूरी है।”
उन्होंने कहा, “उन्हें युवा रहते ही नौकरी देना सबसे बड़ी चुनौती है।”
अखिलेश ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में इसलिए आए हैं, क्योंकि यहां युवा मौजूद हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक कार्यक्रमों के बजाय युवाओं के कार्यक्रम में जाने को ज्यादा तरजीह देते हैं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सचिवालय में चपरासी के पदों पर भर्ती के लिए आए आवेदनों का भी जिक्र किया। अखिलेश ने कहा, “चपरासी के पदों के लिए लाखों आवेदन आए। इनमें कुछ लोग पीएचडी तक किए हुए थे।”
उन्होंने युवाओं की बेरोजगारी पर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां तक नौकरी का सवाल है तो कोई ऐसा नौजवान नहीं, जो आगे नहीं बढ़ना चाहता।
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने लैपटॉप के फायदे भी बताए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने जो लैपटॉप बांटे हैं, उनमें कई सारे उपयोगी सॉफ्टवेयर हैं, जो युवाओं के लिए फायदेमंद हैं।
उन्होंने कहा, “आज के जमाने में युवा गुरुजी से नहीं गूगल से सवाल पूछते हैं। मुख्यमंत्री किसी पार्टी का नहीं होता, सबका होता है। हमने समाजवादी एंबुलेंस चलवाई है तो ऐसा तो नहीं कि उसमें सिर्फ समाजवादी ही बैठेंगे।”
dharmpath.com dharmpath