बेले की जगह स्मिथ को आस्ट्रेलियाई टीम की कमान (लीड-1)

मेलबर्न, 20 जनवरी (आईएएनएस)। स्टीवन स्मिथ को त्रिकोणीय श्रृंखला के तहत इंग्लैंड के साथ होने वाले अगले मुकाबले के लिए आस्ट्रेलियाई टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। यह मुकाबला शुक्रवार को होबार्ट में खेला जाना है।

स्मिथ पहली बार आस्ट्रेलिया की एकदिवसीय टीम का नेतृत्व संभालते नजर आएंगे। वह आस्ट्रेलिया के 22वें एकदिवसीय कप्तान होंगे।

दरअसल, कप्तान जॉर्ज बेले धीमी ओवर गति के कारण एक मैच के लिए निलंबित किए जाने के बाद इस मैच में नहीं खेल सकेंगे।

स्मिथ ने इससे पहले माइकल क्लार्क के चोटिल होने के बाद भारत के साथ हाल में खत्म हुई टेस्ट श्रृंखला में पहली बार टेस्ट टीम की कप्तानी की थी।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार हाल में भारत के साथ मैच के दौरान उलझने के कारण चर्चा में रहे डेविड वार्नर को भी बाहर बैठाया गया है।

सीए के अनुसार श्रृंखला की शुरुआत में ही वार्नर ने मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या की शिकायत की थी। इस कारण उन्हें आराम देने का फैसला लिया गया।

दोनों खिलाड़ियों के स्थान पर शॉन मार्श तथा कैमरन व्हाइट को टीम में वापस बुलाया गया है। दोनों टीम के साथ गुरुवार सुबह जुड़ेंगे।

व्हाइट ने आखिरी बार अंतराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। वहीं, मार्श ने आस्ट्रेलिया के लिए आखिरी एकदिवसीय मैच इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल एडिलेड में 26 जनवरी को खेला था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493