भाजपा-पीडीपी गठबंधन अवसरवादी : राहुल (लीड-1)

श्रीनगर, 27 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर का सत्तारूढ़ गठबंधन ‘अवसरवादी’ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘विभाजनकारी राजनीति’ करने का आरोप लगाया।

राहुल ने गुरुवार को कश्मीर घाटी के पुलवामा जिले के पंपोर शहर में केसर उत्पादकों को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी)और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन पर निशाना साधा।

उन्होंने ने कहा, “संप्रग सरकार जम्मू एवं कश्मीर को वापस पटरी पर लाई थी, लेकिन यहां मौजूदा सत्तारूढ़ गठबंधन अवसरवादी गठबंधन है, जो लोगों की मदद नहीं करना चाहता और अमन वापस नहीं लाना चाहता है।”

राहुल इस वक्त जम्मू एवं कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर दौरे से उन्हें खुशी और दुख दोनों हो रहा है।

उन्होंने कहा, “मैं खुश हूं, क्योंकि यह मेरे पुरखों की धरती है। लेकिन मैं दुखी हूं, क्योंकि बीते वर्षो में आप लोगों ने बहुत कुछ झेला है।”

राहुल ने राज्य में धीरे-धीरे अमन आने और आतंकवाद का खात्मा करने का श्रेय तत्कालीन कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को दिया।

उन्होंने कहा, “हमने राज्य के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए 900 करोड़ रुपये दिए। हमने स्थानीय युवकों को रोजगार दिया। हमने पंचायत चुनाव करवाए।”

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने मीडिया पर ‘अच्छी चीजें’ सामने न लाने का आरोप लगाया।

उन्होंने केसर की खेती करने वाले किसानों से गुणवत्तापूर्ण और अधिक उपज देने वाला केसर उगाने का आग्रह किया, ताकि दुनिया कश्मीर के केसर को जान पाए।

राहुल ने हाल में मोदी के गृह राज्य गुजरात में आरक्षण को लेकर हुई हिंसा पर कहा कि मोदी विभाजनकारी राजनीति में यकीन रखते हैं।

उन्होंने कहा, “मोदी विभाजनकारी राजनीति में यकीन रखते हैं। वह देश का बंटवारा कर शासन करने में यकीन रखते हैं। वहीं, संप्रग देश को एकजुट करने में विश्वास रखता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493