Saturday , 4 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » भाजपा सरकार ने आलोचकों को अपमानित किया : कांग्रेस

भाजपा सरकार ने आलोचकों को अपमानित किया : कांग्रेस

नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार पर विरोधियों को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि इसके कार्यकाल में देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि जिन लोगों ने भी भाजपा से अलग राय रखी, पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने उन्हें अपमानित किया।

शर्मा ने कहा कि भाजपा द्वारा कांग्रेस की आलोचना समझ में आती है, लेकिन उन्हें देश के लिए योगदान देने वाले लोगों को सिर्फ इसलिए कतई निशाना नहीं बनाना चाहिए कि उन्होंने उनसे अलग राय रखी हो।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “लोग चिंतित हैं। दो महत्वपूर्ण व्यक्तियों ने अपनी नाखुशी (असहिष्णुता की घटनाओं पर) जताई है। उनकी बातें सुनने की बजाय सरकार उन्हें अपमानित करने में लगी है।”

भाजपा के एक नेता की इस टिप्पणी पर कि शाहरुख खान भारत में रहते जरूर हैं, लेकिन उनकी आत्मा पाकिस्तान में बसती है, की ओर संकेत करते हुए उन्होंने कहा, “जो कोई भी सरकार के साथ है, वह सही है, लेकिन जिनके विचार उनके विपरीत हैं, उन्हें निशाना बनाया जाता है।”

कांग्रेस ने इस टिप्पणी के लिए सरकार को लोगों से माफी मांगने के लिए कहा।

इंफोसिस के संस्थापक एन.आर.नारायणमूर्ति व बायोकॉन लिमिटेड की अध्यक्ष किरण मजूमदार शॉ ने कट्टरवादी तत्वों पर सरकार द्वारा नियंत्रण न किए जाने पर शनिवार को चिंता जताई थी।

शर्मा ने कहा कि ऐसे हिन्दुओं की बड़ी संख्या है, जो भाजपा के वैचारिक जनक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की नीतियों में विश्वास नहीं रखते। इसलिए आरएसएस को यह दावा करना बंद करना चाहिए कि वह समस्त हिंदू समुदाय का प्रतिनिधित्व करता है।

भाजपा सरकार ने आलोचकों को अपमानित किया : कांग्रेस Reviewed by on . नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार पर विरोधियों को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि इसके नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार पर विरोधियों को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि इसके Rating:
scroll to top