भोपाल, 9 मार्च (आईएएनएस)। भोपाल से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या 634 एआई के उड़ान भरते ही एक पक्षी के टकरा जाने के कारण इसकी आपात लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 90 यात्री सवार थे, जो सुरक्षित हैं। बाद में, यात्रियों को दोपहर बाद दूसरी उड़ान से मुंबई के लिए रवाना किया गया।
एयर इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक विश्रुत आचार्य ने आईएएनएस को बताया कि भोपाल होकर मुंबई जाने वाली फ्लाइट ने बुधवार पूर्वाह्न आठ बजकर 15 मिनट पर उड़ान भरी, लेकिन कुछ देर बाद ही उस उड़ान को वापस रन वे पर उतारना पड़ा है, क्योंकि एक पक्षी जहाज के इंजन के पंखे से टकरा गया था। इसके चलते इंजन में तकनीकी गड़बड़ी आई थी।
आचार्य ने कहा कि सुबह के समय मुंबई जाने वाली उड़ान में कुल 90 यात्री सवार थे, मगर बाद में 27 यात्रियों ने अपनी यात्रा को निरस्त कर दिया और दोपहर बाद अन्य उड़ान से 63 यात्री ही मुंबई के लिए रवाना हुए।
एयर इंडिया की ओर से इस उड़ान में यात्रा कर रहे यात्रियों को नाश्ते और भोजन आदि की व्यवस्था होटल पलाश में की गई थी। बाद में यात्रा के इच्छुक यात्रियों को होटल पलाश से हवाई अड्डे ले जाया गया, जहां से वे एयर इंडिया की उड़ान से अपराह्न तीन बजे मुंबई के लिए रवाना हुए।
dharmpath.com dharmpath