भोपाल में विमान के उतरते समय टायर फटा, यात्री सुरक्षित

भोपाल, 6 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी, एयर इंडिया के एक विमान के यहां बुधवार को उतरते समय उसका एक टायर फट गया, लेकिन पायलट की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया। विमान के सभी यात्री सुरक्षित हैं।

सूात्रों के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे दिल्ली से भोपाल पहुंचा, उड़ान संख्या एआई435 वाला, विमान जब राजा भोज विमान तल की हवाईपट्टी पर उतर रहा था, तभी उसका एक टायर फट गया। टायर के फटते ही यात्रियों को झटका लगा और वे परेशान हो उठे। पायलट ने किसी तरह विमान को काबू में किया, और बड़ा हादसा टल गया। विमान में 95 यात्री सवार थे, और सभी सुरक्षित हैं।

गांधी नगर थाने के प्रभारी जितेंद्र पटेल ने आईएएनएस को बताया कि दिल्ली से आई एक उड़ान में कुछ गड़बड़ी की सूचना उन तक आई है, मगर वास्तव में क्या हुआ है, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।

इसी विमान से दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्री महेंद्र कुमार चौरसिया ने आईएएनएस से कहा कि उन्हें दिल्ली होते हुए भुवनेश्वर जाना था, मगर हवाईअड्डे पर पहुंचने पर उन्हें विमान का टायर फटने की खबर दी गई। इसके कारण उनकी आगे की यात्रा प्रभावित हुई है, फिलहाल इस विमान से दिल्ली की यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को होटल पलाश में ठहराया गया है।

विमान का टायर फटने और विमान के दिल्ली वापस जाने को लेकर हवाईअड्डा प्राधिकरण और एयर इंडिया से जुड़े अधिकारी कोई बात करने को तैयार नहीं है। वहीं वे यात्री परेशान हैं, जिन्हें इसी विमान की वापसी में दिल्ली की यात्रा करनी थी। दिल्ली जाने वाले यात्रियों का कहना है कि उन्हें यही बताया जा रहा है कि नया टायर दिल्ली से आएगा, तभी विमान दिल्ली जा सकेगा।

उड़ान में देरी के कारण यात्रियों के नाश्ते और दोपहर भोजन की व्यवस्था होटल पलाश में की गई है। होटल पलाश के अधिकारियों ने बताया है कि उन्हें 70-80 यात्रियों के नाश्ते और भोजन के आर्डर दिए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493