भोपाल में हवलदार ने रात में युवती का पीछा कर छेड़छाड़ की

भोपाल, 24 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में इन दिनों पुलिस ही अपराधियों जैसा बर्ताव कर रही है। यहां महिलाओं को वर्दीवाले ही अपनी हवस का शिकार बना रहे हैं। गुरुवार देर रात दोपहिया वाहन से दफ्तर से घर लौट रही एक युवती का कांस्टेबल निश्चय तोमर ने अपने साथी के साथ कार से पीछा किया और उससे छेड़छाड़ की।

इस संबंध में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से अवैध कट्टा भी बरामद हुआ है।

युवती ने बताया है कि वह गुरुवार रात लगभग 12 बजे अपना काम निपटाकर लौट रही थी, तभी हबीबगंज क्षेत्र से एक कार में सवार दो लोग उसके पीछे लग गए। वे लगातार उससे आगे निकलते फिर रुककर भद्दी टिप्पणियां करते।

पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर भी वह माने नहीं और घर तक पीछा किया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धर्मवीर सिंह यादव ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, “आरोपी भोपाल के गुनगा थाने में पदस्थ है। उसे व उसके साथी को जहांगीराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के वाहन से अवैध हथियार भी मिला है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”

राजधानी में इससे पहले भी दो ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें पुलिसकर्मियों महिलाओं के यौन शोषण और छेड़छाड़ के आरोप लगाए जा चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493