इंफाल, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। मणिपुर में सत्तारूढ़ कांग्रेस के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह ने कहा है कि सत्तारूढ़ दल सत्ता विरोधी लहर को लेकर चिंतित है।
लगातार तीसरा कार्यकाल पूरा कर रहे इबोबी सिंह ने कहा कि जनवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ता विरोधी लहर संतुलन को बिगाड़ सकती है।
कांग्रेस नेता ने आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में स्वीकार किया कि मणिपुर में कांग्रेस सरकार के प्रदर्शन व लोगों की आकांक्षाओं के बीच एक दरार पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा, “यदि हमारी पार्टी इस तथ्य से उबर जाती है, तो यह 60 सीटों वाली विधानसभा में कम से कम 50 सीटें जीत सकती है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “साल 2002 में हमने 20 सीटें जीती थीं और साल 2007 में 31 सीटें। साल 2012 में हमने 42 सीटें जीतकर राजनीतिक इतिहास रच दिया था।”
उन्होंने कहा कि इस बार सत्ता विरोधी लहर के बावजूद उन्हें 38 सीटों पर जीत की उम्मीद है, हालांकि अंतिम फैसला मतदाताओं का ही होगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के लिए कांग्रेस के तीन विधायकों के इस्तीफे के बारे में उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम का कोई असर नहीं होने वाला है।
उन्होंने कहा, “ये सभी 10 वर्षो तक मंत्री रहे। उन्हें मंत्रिमंडल से निकाल दिया गया था, शायद इसी बात को लेकर वे खुश नहीं थे। वैसे, कुछ दिन पहले ही तृणमूल कांग्रेस के चार विधायक कांग्रेस में शामिल हुए।”
मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि पुलिस भर्ती परीक्षा में कुछ गड़बड़ियां हुई हैं। यही कारण है कि सरकार ने परीक्षा परिणाम को रद्द कर फिर से परीक्षा कराई।
उन्होंने कहा कि रैंकिंग अधिकारियों की नियुक्ति का जिम्मा मणिपुर लोक सेवा आयोग को सौंप दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath