शिवपुरी, 8 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस की विशेष शाखा लोकायुक्त ने शनिवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को 10 हजार और लिपिक को खनन कारोबारी से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। दोनों को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में पकड़ा गया है।
लोकायुक्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भौती निवासी दिवाकर अग्रवाल ने खनिज संग्रहण के लिए लगभग एक वर्ष पूर्व आवेदन किया था, मगर रिश्वत की मांग पूरी न होने के चलते उस आवेदन पर हस्ताक्षर नहीं किए। अग्रवाल का आरोप था कि एडीएम जेड. यू. खान ने 30 हजार रुपये रिश्वत मांगी, मगर सौदा 15 हजार रुपये में तय हुआ।
लोकायुक्त के अनुसार, अग्रवाल ने रिश्वत मांगने की शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त से की। इसी आधार पर ग्वालियर से शनिवार को लोकायुक्त का दल शिवपुरी भेजा गया और इस दल ने एडीएम शेख को 10 हजार रुपये और खनिज शाखा के लिपिक गोपाल राठौर को पांच हजार रुपये रिश्वत के साथ पकड़ा। शेख के टेबल की दराज से और राठौर की जेब से रिश्वत की राशि बरामद की गई।
लेाकायुक्त के पुलिस उपाधीक्षक डी. एस. भदौरिया ने संवाददाताओं को बताया है कि दोनों को खनन कारोबारी से रिश्वत लेते पकड़ा गया है। उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath