मप्र : उपचुनावों की मतगणना मंगलवार को

भोपाल, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट और देवास विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना 24 नवंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।

भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मतगणना के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी।

रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट के लिए 8 तथा देवास विधानसभा उपचुनाव में 4 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। इन चुनावों में पड़े मत 2503 ईवीएम में बंद हैं।

रतलाम लोकसभा उपचुनाव की मतगणना अधिकतम 23 राउंड तथा देवास विधानसभा उपचुनाव के वोटों की गिनती 22 राउंड में होगी। इसके बाद नतीजों की घोषणा की जाएगी।

रतलाम लोकसभा उपचुनाव की मतगणना एक साथ तीन जिला मुख्यालय पर होगी। परिणाम की घोषणा झाबुआ में रिटर्निग आफीसर द्वारा की जाएगी। लगभग 500 मतदान कर्मी मतगणना में जुटेंगे।

सुबह आठ बजे तक प्राप्त डाक मतपत्रों की गिनती सबसे पहले की जाएगी, उसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती होगी। डाक मतपत्रों के लिए अलग मेज लगेगी, जहां एक राजपत्रित अधिकारी सहित मतगणना कर्मी तैनात रहेंगे।

भाजपा सांसद दिलीप सिंह भूरिया के निधन के कारण रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र में और इसी पार्टी के विधायक तुकोजी राव पंवार के निधन की वजह से देवास विधानसभा क्षेत्र में 21 नवंबर को मतदान हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493