भोपाल, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन की एक्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में सम्मिलित होने के लिए मंगलवार को नई दिल्ली से लंदन के लिए रवाना होंगे। यह बैठक 27 से 30 अप्रैल के बीच आयोजित की गई है।
विधानसभा के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मिश्रा के मुताबिक, विश्व में संसदीय कार्यप्रणाली (पार्लियामेंट्री प्रेक्टिसेस) में होने वाले बदलाव की समीक्षा और नीति निर्धारित करने वाली इस समिति में मध्यप्रदेश विधान सभा को प्रथम बार सदस्यता का अवसर प्राप्त हुआ है।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने डॉ. शर्मा को एक्जीक्यूटिव कमेटी का सदस्य मनोनीत किया है।
बताया गया है कि डॉ. शर्मा को कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन की प्लानिंग एंड रिव्यू सब कमेटी का सदस्य भी बनाया गया है। बैठक में अन्य विषयों के साथ पर्यावरण के संरक्षण एवं कागज की न्यूनतम खपत के संबंध में भी चर्चा होगी।
ज्ञात हो कि ई-विधान प्रोजेक्ट एवं आमजन की बुनियादी समस्याओं के निराकरण के लिए राज्य की विधान सभा नियमों में बदलाव किए गए हैं। विधानसभा की प्रतिदिन की कार्यवाही एवं प्रश्न प्रक्रिया ऑनलाइन किए जाने से जहां समय की बचत हुई है, वहीं काम-काज में सहजता तथा पारदर्शिता आई है।
कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन की बैठक में सम्मिलित होने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के साथ विधानसभा के प्रमुख सचिव भगवानदेव ईसरानी भी लंदन जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath