मप्र : चित्रकूट उप चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को, पुख्ता सुरक्षा

सतना, 8 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उप चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होगा। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश की सीमा को सील कर दिया गया है।

निर्वाचन अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उप चुनाव का समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। उप चुनाव में 12 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। इनमें 10 पुरुष और दो महिला उम्मीदवार हैं। उम्मीदवारों में नौ निर्दलीय भी शामिल हैं।

चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के एक लाख 98 हजार 122 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें एक लाख छह हजार 390 पुरुष, 91 हजार 730 महिला और 2 थर्ड जेंडर शामिल है। उप चुनाव की मतगणना रविवार 12 नवंबर को होगी।

आधिकारिक ब्यौरे के मुताबिक, चित्रकूट उप चुनाव में 385 ईवीएम के साथ 382 वीवीपैट मशीन भी लगाई गई है। वीवीपैट से मतदाता यह देख सकेंगे कि उन्होंने जो वोट दिया है, वह सही है या नही, इसके लिए उन्हें सात सेकेंड का समय मिलेगा। केंद्रीय अर्ध सैनिक बल की नौ कंपनी ने निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। मध्य प्रदेश एसएएफ कंपनी के अलावा स्थानीय पुलिस बल को भी क्षेत्र में तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मतदान के पहले मतदान केंद्रों पर मॉक पोल होगा। मतदान के लिए निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाली सीमा भी सील कर दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493