भोपाल, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी इकाई को गुरुवार को नया संगठन महामंत्री सुहास भगत के रूप में मिला। उन्होंने गुरुवार को विधिवत पार्टी कार्यालय में अपना कार्यभार संभाल लिया। भगत ने अरविंद मेनन का स्थान लिया है।
पिछले दिनों पार्टी ने मेनन के स्थान पर सुहास भगत को संगठन महामंत्री बनाने का मन बना लिया था।
बुधवार को पार्टी दफ्तर में आयोजित समारोह में नए संगठन महामंत्री भगत का पार्टी पदाधिकारियों से परिचय कराया गया था। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल व प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
नए संगठन महामंत्री सुहास भगत गुरुवार को पार्टी दफ्तर पहुंचे तो वहां पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय इस्पात मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने उन्हें महामंत्री की कुर्सी पर बैठाया। इस मौके पर निवर्तमान संगठन महामंत्री अरविंद मेनन भी उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath