मप्र में खराब बिजली ट्रांसफार्मर सात दिन में बदलने के निर्देश

भोपाल, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिजली अधिकारियों को जले एवं खराब ट्रांसफार्मर को सप्ताह भर में बदलने एवं किसानों को स्थायी पंप कनेक्शन देने की कार्य-योजना बनाने के भी निर्देश दिए हैं।

चौहान ने बुधवार को तीनों विद्युत वितरण कंपनियों के मुख्य प्रबंध निदेशक (सीएमडी) से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेकर उन्हें व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए, ताकि जनता को कोई परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सिंचाई पंपों के फीडर भी अलग किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत की बजाय मात्र 10 प्रतिशत राशि जमा करने पर तत्काल खराब ट्रांसफार्मर बदले जाएं। इच्छुक किसानों को अस्थाई पम्प कनेक्शन के लिए मात्र दो माह की राशि जमा कराई जाए। इसके साथ ही किसानों को स्थाई पम्प कनेक्शन देने की दीर्घकालीन योजना बनाई जाए। इसमें अन्य योजनाओं का समायोजन भी किया जाए। जिससे सभी किसानों को स्थाई पम्प कनेक्शन मिल सके। उन्होंने सोलर पम्प को भी प्रोत्साहित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

इस मौके पर ऊर्जा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा, अपर मुख्य सचिव वित्त ए़ पी़ श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव ऊर्जा मनु श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सचिव विवेक अग्रवाल भी उपस्थित थे।

इस दौरान अधिकारियों की ओर से बताया गया कि चार माह के बजाय दो माह के लिए अस्थाई पम्प कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इससे किसानों को कम राशि जमा करनी पड़ रही है। प्रदेश में इस वर्ष 84 हजार अस्थायी पम्प कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि 20 लाख स्थाई पम्प कनेक्शन है। इसी तरह मात्र 10 प्रतिशत राशि जमा करवाकर 1547 खराब ट्रांसफार्मर बदले गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493