भोपाल, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर विजयादशमी पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जगह-जगह रंगारंग कार्यक्रमों का दौर जारी है, वहीं रावण और उसके वंशजों के पुतलों का दहन किया गया।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार की सुबह से ही देवी प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया, वहीं शाम को चल समारोह आयोजित किए गए। इसके अलावा राम-रावण युद्ध के बाद रावण के अलावा कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
राजधानी के बिट्टन बाजार मैदान में विशालकाय रावण के पुतले का दहन हुआ। साथ ही मनोहारी आतिशबाजी हुई, जिसके हजारों लोग गवाह बने। इसी तरह इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर आदि स्थानों पर आकर्षक और भव्य पुतले बनाकर जलाए गए। इन पुतलों में रंग-बिरंगी आतिशबाजी की सामग्री भरी गई। पुतलों के दहन के साथ आसमान जगमगा उठा।
दशहरे के मौके पर हर तरफ मेला जैसा नजारा रहा, बड़ी संख्या में लोगों का रावण दहन स्थल पर जमावड़ा रहा। असत्य पर सत्य की जीत का पर्व पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया।
dharmpath.com dharmpath