मप्र सरकार सितंबर में मनाएगी पोषण माह

भोपाल/बुरहानपुर, 31 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कुपोषण एक बड़ी समस्या बन गया है, इसके खात्मे के लिए राज्य सरकार अगले माह यानी सितंबर-2018 को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जाएगा।

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, महिला बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा है कि पोषण जागरूकता को जन-आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है। खान-पान को लेकर लोगों की सोच बदलने के लिए समाज केंद्रित गतिविधियां संचालित करना जरूरी है। सितंबर-2018 को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जाना है। जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को पोषण जागरूकता के लिए विशेष रूप से मनाया जाएगा।

‘थिंक ग्लोबल-ईट लोकल’ की अवधारणा अनुसार, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सहज सुलभ और सस्ती पोषक खाद्य सामग्री रोजमर्रा के भोजन में शामिल करने के लिए जन-सामान्य को प्रेरित करने की जरूरत है।

मंत्री चिटनिस एक सितंबर से आरंभ हो रहे राष्ट्रीय पोषण माह की तैयारियों के सिलसिले में गुरुवार को बुरहानपुर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अफसरों से बात की।

वीडियो कांफ्रेंसिंग में कहा गया कि बच्चों में ठिगनापन कम करना, एनीमिया के स्तर में कमी और कम वजन के बच्चों की संख्या में कमी लाना पोषण अभियान के मुख्य उद्देश्य हैं। अभियान की निगरानी भारत सरकार द्वारा की जाएगी। बच्चों, किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं तथा स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना है।

पोषण माह में स्थानीय स्तर पर होटल तथा रेस्तरा संचालक को भी जोड़ा जाएगा। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम सहित विभिन्न होटल व्यवसायियों को पौष्टिक थाली आरंभ करने और पौष्टिक व्यंजनों पर केंद्रित फूड फेस्टिवल आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव महिला बाल विकास जे.एन. कंसोटिया, आयुक्त महिला एवं बाल विकास डॉ. अशोक कुमार भार्गव सहित लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्कूल शिक्षा, आयुष, कृषि, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493