मप्र : होशंगाबाद के कलेक्टर को राष्ट्रीय पुरस्कार

भोपाल, 16 नवंबर (आईएएनएस)। नि:शक्तजनों के पुनर्वास एवं उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यो के लिए मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के जिलाधिकारी संकेत भोंडवे का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिसंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में भोंडवे को प्रदान करेंगे।

जनसंपर्क विभाग द्वारा सोमवार को जारी की गई विज्ञप्ति में बताया गया है कि होशंगाबाद जिले में नि:शक्तता के क्षेत्र में विभिन्न जन-कल्याणकारी कार्यकम और गतिविधियां संचालित की गईं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट जिला श्रेणी में होशंगाबाद जिले का चयन किया गया है।

बताया गया है कि जिले में नि:शक्तजन को स्वावलंबी बनाने एवं उनका परिवार बसाने के उद्देश्य से नि:शक्त युवक-युवतियों को चिन्हांकित कर विकासखंड स्तर पर परिचय सम्मेलन किए गए।

जिले में अब तक 101 नि:शक्त युवक-युवतियों के विवाह करवाए गए हैं। रोजगार मेलों का आयोजन कर उनकी योग्यतानुसार अशासकीय संस्थाओं में रोजगार उपलब्ध करवाया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय न्यास सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2014-15 में होशंगाबाद जिले को पूरे देश में चयनित पांच उत्कृष्ट जिलों में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।

जिले में 1566 मानसिक रूप से अविकसित एवं बहुविकलांग नि:शक्तजन को 500 रुपये प्रतिमाह की सहायता राशि निरंतर दी जा रही है। जिले में नि:शक्तजन के कल्याण के लिए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जा रहा है। इसमें शौचालय निर्माण, मुख्यमंत्री आवास, इंदिरा आवास, नि: शक्त विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, खाद्यान्न वितरण आदि का लाभ दिया जा रहा है।

जिले के सभी शासकीय कार्यालय में नि:शक्तजन के आवागमन के लिए बाधारहित रेम्प आदि का निर्माण करवाया जा रहा है। वर्तमान में जिले के उमंग कार्यक्रम में नि:शक्तजन का स्वास्थ्य परीक्षण, आधुनिक उपकरण वितरण और कृत्रिम अंग, ट्राय मोपेड आदि उपलब्ध कराने के लिए विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493