महान गायिका सुब्बुलक्ष्मी की जन्मशती का जश्न शुरू

मुंबई, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.वी. राव ने यहां रविवार रात एक कार्यक्रम में महान दिवंगत शास्त्रीय गायिका एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी की जन्मशती के जश्न का आगाज किया।

क्षणमुखानंद फाइन आर्ट्स एंड संगीत सभा के अध्यक्ष वी. शंकर ने कहा कि संस्थान ने देशभर के महान संगीत शिक्षकों के सम्मान में ‘श्री क्षणमुखानंद भारत रत्न एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी संगीत प्राचार्य अवार्ड’ भी शुरू किया है।

क्षणमुखानंद सभा के समन्वयक के.ए. विश्वनाथन ने कहा कि क्षणमुखानंद सभा ने सुब्बुलक्ष्मी की याद में चार दिवसीय संगीत उत्सव का आयोजन किया है, जो यहां बुधवार को संपन्न होगा।

सुब्बुलक्ष्मी के जन्म शताब्दी के जश्न की शुरुआत के रूप में राज्यपाल राव ने दिवंगत गायिका की 80 वर्षीया बेटी राधा विश्वनाथन को सम्मानित किया और उन्हें उनकी मां के नाम से शुरू किए गए प्रथम प्राचार्य अवार्ड से नवाजा।

राधा विश्वनाथन एक प्रख्यात गायिका और नृत्यांगना हैं।

एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी का जन्म 16 सितंबर, 1916 को मदुरै के एक कलाकारों, संगीतज्ञों, गायकों और नर्तक-नृत्यांगनों के परिवार में हुआ। उन्होंने बालपन में ही शास्त्रीय संगीत की शिक्षा-दीक्षा शुरू कर दी।

उन्होंने अपनी पहली संगीत रिकॉर्डिग 1926 में रिलीज की थी। उस वक्त वह महज 10 साल की थीं। 1927 में तिरुचिरापल्ली के रॉकफोर्ट मंदिर में उन्होंने अपनी पहली जन प्रस्तुति दी थी।

करीब आठ दशक के लंबे व प्रतिष्ठित संगीत करियर के बाद दिसंबर 2004 में चेन्नई में उनका निधन हो गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493