महेश शर्मा रामायण म्यूजियम का स्थल देखने अयोध्या पहुंचे

लखनऊ /अयोध्या, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या में ‘अंतर्राष्ट्रीय थीम पार्क’ बनाने का ऐलान किए जाने के अगले दिन केंद्र सरकार भी हरकत में आ गई। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री महेश शर्मा मंगलवार को रामायण म्यूजियम की स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करने के लिए अयोध्या पहुंचे।

उन्होंने कहा कि संग्रहालय रामायण सर्किट का हिस्सा होगा, जिसके लिए केंद्र ने 225 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जिसमें से 151 करोड़ रुपये केवल अयोध्या के लिए है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष राजनीति करता है, लेकिन हम काम करते हैं। इसलिए रामराज्य जरूर आएगा। रामायण म्यूजियम श्रीराम जम्मभूमि स्थल से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर बनेगा। जहां 25 एकड़ भूखंड की पहचान कर ली गई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस परियोजना का राजनीति से कोई लेनादेना नहीं है।

शार्मा ने कहा, “राम करोड़ों लोगों के हृदय में हैं, एक पर्यटन मंत्री के तौर पर मुझे देखना होगा कि अयोध्या का कैसे विकास हो सकता है, रामायण सर्किट का विकास किस तरह से पर्यटन की दृष्टि से किया जा सकता है।”

पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन सर्किट की पहचान की है, जिसमें रामायण सर्किट, कृष्ण सर्किट और बौद्ध सर्किट शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “मेरी अयोध्या यात्रा का उत्तर प्रदेश के चुनाव से कोई लेनादेना नहीं है। मैं वहां की यात्रा एक पर्यटन मंत्री के तौर पर कर रहा हूं। इसे राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए, बल्कि यह अयोध्या और पूरे देश में पर्यटन को सुधारने के सरकार के प्रयास का हिस्सा है।”

यह पूछे जाने पर कि क्या संग्रहालय का उद्घाटन उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले होगा, शर्मा ने कहा, “यह एक सतत प्रक्रिया है। इसमें घाटों, आधारभूत ढांचे आदि का विकास शामिल होगा।” यानी वह सवाल को टाल गए।

इससे पहले फैजाबाद जनपद की सीमा पर प्रवेश करते ही रानीमऊ में रुदौली के विधायक रामचंद्र यादव ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत पर्यटन मंत्री ने विधायक की खूब तारीफ करते हुए उन्हें संघर्षो का साथी बताया। उनके स्वागत में सांसद लल्लू सिंह और फैजाबाद जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल भी उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493