नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना द्वारा 28 सितंबर की रात की गई सर्जिकल कार्रवाई के मद्देनजर, भारत-पाकिस्तान के बीच के संबंधों से वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को विदेश मंत्रालय की संसद की स्थायी समिति को अवगत कराया।
विदेश सचिव एस.जयशंकर तथा रक्षा सचिव जी.मोहन उन अधिकारियों में शामिल थे, जिन्होंने समिति के सदस्यों को नियंत्रण रेखा के पार भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल कार्रवाई से अवगत कराया।
ज्ञात सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष तथा समिति के सदस्य राहुल गांधी भी बैठक में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई सवाल नहीं किया।
सूत्रों ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक के.के.शर्मा तथा वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ, लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत भी बैठक में मौजूद थे। सदस्यों द्वारा किए गए सवालों का अधिकारियों ने जवाब दिया।
कांग्रेस सांसद कर्ण सिंह ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि बैठक अच्छी रही।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सांसद डी.पी.त्रिपाठी ने कहा, “कुल मिलाकर यह एक संतोषजनक बैठक थी।”
विदेश मंत्रालय की स्थायी समिति में 31 सदस्य हैं, जिनमें 21 लोकसभा तथा 10 राज्यसभा के सदस्य हैं। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस सांसद शशि थरूर के पास है।
पिछले सप्ताह रक्षा मंत्रालय की स्थायी समिति को सर्जिकल कार्रवाई से अवगत कराया गया था।
उल्लेखनीय है कि जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में 18 सितंबर को भारतीय सेना के ब्रिगेड मुख्यालय पर आतंकवादियों के हमले के बाद भारतीय सेना ने 28 सितंबर को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सर्जिकल कार्रवाई को अंजाम दिया था।
dharmpath.com dharmpath