जहानबाद, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी के छोटे बेटे प्रवीण को रविवार को जहानाबाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रवीण के वाहन से 4.65 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
मखदुमपुर थाना प्रभारी लक्ष्मण प्रसाद ने आईएएनएस को बताया, “प्रवीण एक कार में सवार होकर पटना की तरफ जा रहे थे, तभी वाहन जांच के दौरान उनके वाहन से 4.65 लाख रुपये बरामद किए गए। प्रवीण को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।”
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू हो जाने के बाद 50 हजार से अधिक नकदी लेकर सफर नहीं कर सकते। ज्यादा राशि बरामद होने पर उचित कारण बताना होगा।
इस बीच हम के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने कहा कि इस पूरे मामले को चुनाव से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “प्रवीण को इसकी जानकारी ही नहीं थी कि 50 हजार रुपये से ज्यादा लेकर नहीं चल सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रवीण ने यह धनराशि मकान निर्माण के लिए कर्ज लिया था।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में आचार संहिता लागू है।
चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा के साथ ही साफ कर दिया है कि 50 हजार रुपये से ज्यादा नकदी लेकर सफर न करें।
dharmpath.com dharmpath