मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के माहिम में रेलवे क्रासिंग के पास अंधेरी जाने वाली हार्बर लाइन के उपनगरीय ट्रेन के चार डिब्बों के शुक्रवार को पटरी से उतरने से छह यात्रियों को मामूली रूप से चोटें आईं हैं।
इस घटना के बाद सेंट्रल रेलवे की अंधेरी-वडाला लाइन स्थगित कर दी गई, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हुई। परेशानी और बढ़ गई क्योंकि इस समय मुंबई में गणेशोत्सव की धूम है।
एक अधिकारी ने कहा कि सुबह 9.50 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से अंधेरी को जाने वाली ट्रेन माहिम स्टेशन से करीब 50 मीटर पहले पटरी से उतर गई।
प्रथमदृष्टया जांच के मुताबिक, यह दुर्घटना ट्रेन के रेलवे स्टेशन से पहले एक क्रासिंग पर ट्रैक बदलने के दौरान हुई। ट्रेन के कोच नंबर छह से लेकर 9 तक पटरी से उतर गए।
घायल यात्रियों में चार महिलाएं शामिल है। उन्हें सिऑन अस्पताल ले जाया गया और उन्हें इलाज के बाद घर जाने की अनुमति दी गई। इसके बाद ट्रैक के बहाली का काम शुरू किया गया।
इस दौरान हार्बर लाइन पर सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। इसका प्रभाव पश्चिमी रेलवे व सेंट्रल रेलवे की मुख्य लाइनों पर भी व्यापक तौर पर रहा।
dharmpath.com dharmpath