बेंगलुरू, 23 नवंबर (आईएएनएस)। देश की अग्रणी होम हेल्थकेयर कंपनी पोर्टिया ने सोमवार को कहा कि उसने विषेशज्ञ दवा वितरण कंपनी मेडीबिज फार्मा का अधिग्रहण कर लिया है। कंपनी ने कहा कि इससे मरीजों के साथ जुड़ाव और असाध्य रोगों के मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी।
पोर्टिया की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मीणा गणेश ने अधिग्रहण की घोषणा करते हुए कहा, “जागरूकता, निगरानी और मौजूदा बीमारियों के प्रबंधन के लिए एक निश्चित ढांचागत और समुचित नजरिया बेहद आवश्यक है, ताकि भारत असाध्य रोगों की जो जंग लड़ रहा है उसे बेहतर तरीके से संभाला जा सके। अस्पतालों में इलाज अहम है, लेकिन घर पर मरीजों की देखभाल प्रभावशाली इलाज की अगली कड़ी है।”
उन्होंने कहा, “असाध्य रोग के क्षेत्र में पोटिर्या पहले से मौजूद है। हम मेडिबिज के अधिग्रहण से अहम और ताकतवर विशेषज्ञ दवा शाखा जोड़ रहे हैं, जिससे असाध्य रोगों के मरीजों को दवाइयों की बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिन्हें लगातार दवाइयों की जरूरत पड़ती है।”
मेडिबिज के अध्यक्ष केवल हांडा ने कहा, “दवाइयां बीमारियों का इलाज कर सकती हैं, लेकिन लोगों का इलाज देखभाल से होता है और असाध्य रोग के मामले में विशेष किस्म की देखभाल की आवश्यकता वर्षो तक होती है। हम हमेशा से मरीजों के लिए बेहतर नतीजे लाने के लिए वचनबद्ध रहे हैं और पोर्टिया के साथ हुए नए जुड़ाव से हम बेहद खुश हैं। यह हमारे मरीजों पर ज्यादा बेहतर प्रभाव डालेगा।”
2009 में शुरू हुई मेडिबिज फार्मा फार्मेसी बेनेफिट मैनेजर कंपनी है। पिछले छह सालों में इसने दो लाख मरीजों को चिकित्सकों द्वारा बताई गई दवाएं उपलब्ध करवाने और सुपर स्पेशलिटी मेडिसन के लिए आवश्यक थैरेपी उपलब्ध करवाने की सेवाएं प्रदान की है।
पोर्टिया मेडिकल हर महीने भारत के 24 शहरों में 60,000 हजार से ज्यादा होम विजीट का प्रबंधन करती है।
dharmpath.com dharmpath