सना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। यमन में सऊदी अरब के दो हफ्ते से भी अधिक समय से जारी हवाई हमलों के बीच राजधानी सना में शुक्रवार को पहला रेड क्रास सहायता विमान उतरा।
हवाईअड्डे के अधिकारियों ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि पहला मालवाहक विमान 16.4 टन दवाइयां, पट्टियां और शल्य चिकित्सा उपकरणों के साथ सुबह के समय सना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।
यमन के लिए पहले रेड क्रास मालवाहक विमान के बुधवार को सना पहुंचने की उम्मीद थी। लेकिन समिति को गठबंधन सेना से अनुमति का इंतजार था जिस कारण इसके सना पहुंचने में देरी हुई।
सऊदी के नेतृत्व वाली सेना ने शुक्रवार सुबह कई शिया हौती और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमला करते हुए उन्हें नष्ट कर दिया। हलांकि इसमें किसी के मारे जाने की अभी तक कोई खबर नहीं मिली है।
ईंधन की कमी के कारण सना की सड़कों पर यातायात लगभग न के बराबर नजर आता है। सऊदी के नेतृत्व वाली सेना ने तेल उत्पादन केंद्रों पर कब्जा कर रखा है इसीलिए राजधानी में कोई भी विमान और नौका पेट्रो पदार्थ नहीं ला सकती।
सना के कई जिलों में लोगों को पानी और बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है।
हौती नागरिक सेना हालांकि राजधानी सना समेत उत्तरी प्रांतों में पकड़ बनाए हुए है और वे अदन समेत दक्षिणी प्रांतों की ओर बढ़ रहे हैं। अदन राष्ट्रपति अब्द रब्बू मंसूर हादी का प्रमुख संचालन केंद्र है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने मंगलवार को कहा था कि यमन में सऊदी हमलों में दर्जनों बच्चों समेत 500 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1,800 अन्य घायल हो गए। इसके अलावा 10,000 निवासी पलायन कर गए हैं।
dharmpath.com dharmpath