नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सोमवार को पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर जाएंगे। यह घोषणा यहां रविवार को की गई।
राष्ट्रपति अपने गृह राज्य के दौरे के पहले दिन कोलकाता में ‘एनेबलिंग मेक इन इंडिया थ्रू इंडस्ट्री एकेडमिया इनोवेशन प्लेटफार्म’ विषय पर सीआईआई-आईआईईएसटीके सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
एक अधिकारिक बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति उसी दिन ‘मानवता की विरासत : होम्योपैथी के 150 साल’ नामक एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
बताया गया है कि 23 अगस्त को राष्ट्रपति बांग्लादेश के श्रोताओं के लिए कोलकाता आकाशवाणी केंद्र में ‘मोइत्री’ नामक बांग्ला सेवा की शुरुआत करेंगे और बंगीय साहित्य परिषद के 125वें वार्षिक समारोह में भाग लेंगे।
मुखर्जी ‘भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स’ के एक नए भवन का उदघाटन करेंगे और उसी दिन कोलकाता में बंधन बैंक के पहले स्थापना दिवस को संबोधित करेंगे।
राज्य के अपने दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक ‘फूड पार्क’ का उद्घाटन करेंगे और नई दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले मुर्शिदाबाद प्रबंधन विकास संस्थान के एक दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।
dharmpath.com dharmpath