राष्ट्रपति ने उपग्रह प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई दी

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने नेविगेशन उपग्रहों की श्रृखंला में भारत के सातवें और अंतिम उपग्रह के प्रक्षेपण पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को गुरुवार को बधाई दी।

इसरो के अध्यक्ष ए.एस. किरण कुमार को भेजे एक संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “सफल प्रक्षेपण के लिए मैं आपको और आपकी पूरी टीम को दिल से बधाई देता हूं।”

उन्होंने कहा, “यह हमारे अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। भारत अब उन कुछ देशों में शामिल हो गया है जिनकी अपनी क्षेत्रीय उपग्रह नौवहन प्रणाली है।”

राष्ट्रपति ने कहा, “यह अंतरिक्ष विज्ञान प्रौद्योगिकी में भारत की बढ़ती क्षमताओं को फिर से दर्शाता है। देश को इस उपलब्धि पर गर्व है।”

भारतीय क्षेत्रीय नौवहन उपग्रह प्रणाली (आईआरएनएसएस) के सात उपग्रहों की श्रृंखला में से अंतिम आईआरएनएसएस-1जी का प्रक्षेपण पीएसएलवी-सी33 के जरिये श्रीहरिकोटा से किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493