नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पालम स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि दी।
कलाम का पार्थिव शरीर जब विमान से दिल्ली लाया गया, तब राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा हवाईअड्डे पर उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर भी वहां मौजूद थे।
भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के विशेष विमान से कलाम का पार्थिव शरीर अपराह्न् 12.30 बजे दिल्ली लाया गया।
रक्षा मंत्रालय प्रवक्ता सितांशु कार ने ट्वीट किया, “आईएएफ का सी-130 जे सुपर हरक्युलिस विमान कलाम के पार्थिव शरीर को लेकर पालम पहुंचा।”
तीनों सेनाओं ने पूर्व राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
दिल्ली के पुलिस आयुक्त बी. एस. बस्सी भी हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
dharmpath.com dharmpath