नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। कौशल भारत मिशन को बढ़ावा देने के प्रयास में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) ने एक गैर लाभकारी संगठन पीपल ऑफ इंडियन ओरिजिन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीआईओसी) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
एनएसडीसी के एमडी एवं सीईओ मनीष कुमार और पीआईओसी के महासचिव अभय अग्रवाल के बीच हुआ यह समझौता ज्ञापन कौशल विकास को बढ़ावा देगा तथा देश-विदेश के विभिन्न स्थानों पर काम के अवसर उपलब्ध कराकर भारत की क्षमता बढ़ाने में मदद करेगा। यह समझौता विदेशों में भारतीय युवाओं के प्लेसमेंट को बढ़ावा देगा, उन्हें उद्योग जगत से जोड़ने तथा नौकरियां पाने में मदद करेगा।
इस मौके पर मनीष कुमार ने कहा, “एनएसडीसी विश्वस्तरीय कार्यबल के निर्माण के लिए उच्च गुणवत्ता के प्रशिक्षण एवं मानकीकरण पर जोर देता है। यह साझेदारी विभिन्न देशों के बीच कौशल की ²ष्टि से मौजूद खामियों को दूर करेगी तथा भारतीय युवाओं को विदेशों में नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराएगी।”
वहीं, अभय अग्रवाल ने कहा, “हमें खुशी है कि हमें दुनिया भर में कौशल भारत मिशन को विस्तारित करने के लिए एनएसडीसी के साथ जुड़ने का मौका मिला है। प्रतिष्ठित उद्यमियों तथा 150 से अधिक देशों में प्रवासी भारतीय संगठनों के साथ मिलकर काम करते हुए ऐसे मंच की भूमिका निभाएगा, जो कुशल भारतीय युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर पाने में मदद करेगा।”
dharmpath.com dharmpath