लंदन, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में स्लोवाकिया को मात देकर अगले साल आयोजित होने वाले विश्व कप टूर्नामेंट में प्रवेश के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड ने वेम्ब्ले स्टेडियम में सोमवार रात खेले गए विश्व कप क्वालीफायर मुकाबले में स्लोवाकिया को 2-1 से मात दी।
स्लोवाकिया ने हालांकि, इस मैच की शुरुआत अच्छी की थी। मैच की शुरुआत के तीसरे ही मिनट में स्टानिसलाव लोबोत्का ने गोल कर स्लोवाकिया का खाता खोला।
इसकी प्रतिक्रिया में बड़ी देर बार 37वें मिनट में अच्छी कोशिश करते हुए मार्कस राशफोर्ड से मिले पास को एरिक डिएर ने गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 से बराबर किया।
दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने बिना कोई गलती किए और स्लोवाकिया को किसी भी तरह से आगे बढ़ने का मौका न देते हुए 59वें मिनट में राशफोर्ड की ओर से किए गए गोल की बदौलत 2-1 से बढ़त हासिल की, जिसे उसने अंत तक बनाए रखा और जीत हासिल की।
इस जीत के साथ ग्रुप-एफ में इंग्लैंड ने 20 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath