विश्व कप जिताने वाले खिलाड़ियों से भरी है भारतीय टीम : द्रविड़

नई दिल्ली, 20 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने मंगलवार को कहा कि मौजूदा भारतीय टीम में विश्व कप जिताने की क्षमता रखने वाले अनेक खिलाड़ी हैं, जिनके बल पर भारत के विश्व कप खिताब बचाने की प्रबल संभावनाएं हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में एक व्याख्यान कार्यक्रम में आए द्रविड़ ने कार्यक्रम से इतर कहा, “मेरे खयाल से भारत के खिताब जीतने की संभावनाएं प्रबल हैं, क्योंकि भारतीय टीम में मैच जिताऊ खिलाड़ी भरे पड़े हैं।”

द्रविड़ ने कहा, “विश्व कप का प्रारूप ऐसा है कि शीर्ष टीमों को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी। अंतिम-आठ में पहुंचने के बाद टीमों को सिर्फ तीन नॉक आउट मैच खेलने हैं, और हमारे पास ऐसे अनेक खिलाड़ी हैं जो हमें तीन नॉकआउट मैच जिता सकें।”

उल्लेखनीय है कि विश्व कप का आयोजन 14 फरवरी से 29 मार्च के बीच आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में होना है।

द्रविड़ ने भारतीय टीम के सफलतम कप्तानों में शुमार किए जाने वाले महेंद्र सिंह धौनी को मैच के परिणाम निर्धारित करने वाला बताया।

उन्होंने कहा, “हमारे पास विराट कोहली और महेंद्र सिंह धौनी जैसी क्षमताओं वाले खिलाड़ी हैं, जो अपनी क्षमता से खेलें तो किसी भी मैच के अकेले जिताने की क्षमता रखते हैं। और यह दोनों ऐसे खिलाड़ियों के सिर्फ एक-दो उदाहरण भर हैं।”

भारतीय टीम की कमजोर गेंदबाजी के बारे में पूछे जाने पर द्रविड़ ने कहा कि भारतीय टीम मुख्यत: अपने सशक्त बल्लेबाजी पर निर्भर करती है, ऐसे में गेंदबाजी सिर्फ अपनी मजबूत बल्लेबाजी को सहारा देने वाली है।

द्रविड़ ने साथ ही आगामी विश्व विजेता की अपनी पसंददीदा दावेदार टीमों में आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और भारत का नाम लिया।

द्रविड़ ने कहा, “मेरा मानना है कि आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और भारत विश्व कप जीतने वाली प्रबल दावेदार टीमें हैं।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493