भोपाल, 12 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की कांग्रेस इकाई ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा वर्ष 2006 में आयोजित सब इंस्पेक्टर (उप निरीक्षक) भर्ती परीक्षा में दो परीक्षार्थियों को पास कराने में कथित तौर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह की संलिप्तता का आरोप लगाया है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने मंगलवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2006 में दो व्यक्तियों का चयन मुख्यमंत्री चौहान की पत्नी के जरिए कराया गया था, इसके लिए रिश्वत भी ली गई थी।
मिश्रा ने अपने इस आरोप के साथ चयन परीक्षा में असफल रहे एक परीक्षार्थी के साथ हुई अपनी बातचीत का ऑडियो भी जारी किया है। इस बातचीत में संबंधित व्यक्ति कह रहा है कि उसके पास पांच लाख रुपये नहीं थे। लिहाजा, उसका परीक्षा में चयन नहीं हो पाया, जबकि दो अन्य का चयन हो गया, क्योंकि दोनों ने चाही गई रकम दे दी थी।
मिश्रा का कहना है कि पार्टी इस ऑडियो क्लिप को शपथपत्र के साथ सीबीआई को सौंपकर मांग करेगी कि इसकी सूक्ष्म जांच कराई जाए। साथ ही यह भी पता किया जाए कि इस बातचीत में जिन दो परीक्षार्थियों के नाम हैं, उनका सब इंस्पेक्टर के लिए चयन कैसे हुआ।
ज्ञात हो कि राज्य में हुए व्यापम घोटाले की सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश ब्यूरो (सीबीआई) जांच कर रहा है। इससे पहले इस घोटाले की विशेष कार्य बल (एसटीएफ ) और विशेष जांच दल (एसआईटी) जांच कर चुका है। इस घोटाले से जुड़े 48 लोगों की मौत हुई है, जो अबूझ पहेली बनी हुई है।
dharmpath.com dharmpath