नई दिल्ली, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस आयुक्त बी. एस. बस्सी ने रविवार को कहा कि सम-विषम योजना के क्रियान्वयन के दौरान दिल्ली सरकार द्वारा तैनात किए जाने वाले स्वयंसेवकों को पुलिस के निर्देशानुसार उनके काम में मदद करनी चाहिए।
बस्सी ने किसी प्रकार की अतिसतर्कता के प्रति आगाह किया है।
बस्सी ने ट्विटर पर लिखा, “दिल्ली पुलिस सम-विषम योजना लागू कर रही है। सरकार से आग्रह : स्वयंसेवक पुलिस की सहायता करें और जैसा कहा जाए वैसा करें। सभी जान लें : कानून और अतिसतर्कता के नियम असंगत हैं।”
ज्ञात हो कि यह नियम दिल्ली में एक जनवरी से 15 जनवरी, 2016 के बीच परीक्षण के तौर पर लागू होगा।
बस्सी ने विस्तार से यह भी निर्देश दिया कि स्वयंसेवियों को किस प्रकार कार्य करना होगा।
बस्सी ने कहा, “पुलिस को रिपोर्ट करने पर स्वयंसेवियों को बता दिया जाएगा कि उन्हें क्या करना है और कार्ययोजना के मुताबिक उन्हें तैनात किया जाएगा। योजना का उद्देश्य लोगों का अनुचित उत्पीड़न करना नहीं है।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरू की जा रही इस योजना का उद्देश्य दिल्ली में प्रदूषण के स्तर को घटाना है।
योजना के मुताबिक, सम संख्या वाले वाहन सम तिथियों को और विषम संख्या वाले वाहन विषम तिथियों को चलेंगे।
रविवार को कोई प्रतिबंध नहीं होगा। योजना सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेगी। योजना में कुछ वाहन वर्गो को छूट मिली है।
dharmpath.com dharmpath