भावनगर (गुजरात), 23 नवंबर (आईएएनएस)। संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को विपक्ष से आग्रह किया कि संसद के शीतकालीन सत्र में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक तथा आर्थिक सुधार से संबंधित अन्य विधेयक पारित कराने में मदद करें।
नकवी ने स्थानीय निकाय चुनाव के लिए 29 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले एक जनसभा को संबोधित करते हुए उम्मीद जताई कि कांग्रेस तथा अन्य पार्टियां राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से ऊपर उठकर सरकार का सहयोग करेगी।
मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) और व्हिस्ल ब्लोअर (संशोधन) विधेयक की भी भ्रष्टाचार से निपटने में जरूरत है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी विधेयक पारित होना एक ऐतिहासिक घटना होगी, जिससे शासन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि जीएसटी कानून बनने से ही देश की विकास दर में 1.2 प्रतिशतांक की वृद्धि हो जाएगी।
नकवी ने कहा कि सरकार ने 25 नवंबर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसमें संसद सत्र का निर्बाध संचालन सुनिश्चित कराने पर चर्चा होगी, ताकि ये विधेयक पारित हो सकें।
dharmpath.com dharmpath