सोनिया ने रायबरेली के एम्स के लिए केंद्र से मांगा धन

लखनऊ, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को पत्र लिखकर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में बनने वाले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के लिए धन जारी करने की मांग की है। पार्टी के नेताओं ने यह जानकारी शुक्रवार को दी।

सोनिया ने अपने पत्र में इस बात का जिक्र किया है कि एम्स बनाने के लिए वित्तवर्ष 2014-15 में पर्याप्त राशि जारी नहीं की गई, जिस कारण अभी तक अस्पताल परिसर के निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ है।

उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि फरवरी 2014 में अनुमानित लागत का निर्धारण करने वाली समिति ने रायबरेली में एम्स के लिए 1427 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने की सिफारिश की थी। समिति की रिपोर्ट पिछले साल जून और फिर सितंबर में केंद्र सरकार के पास भेजी गई थी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में संप्रग सरकार ने रायबरेली में एम्स बनाने की मंजूरी दी थी। इसके बाद जुलाई 2013 में सूबे की अखिलेश सरकार ने एम्स के लिए 97 एकड़ भूमि मुहैया कराई थी। नवंबर 2013 में आवासीय परिसर का काम शुरू हुआ था और इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से 159़56 करोड़ रुपये जारी किए गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493