जम्मू/श्रीनगर, 14 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर और स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए शुक्रवार को सुरक्षा के सभी इंतजाम कर दिए गए हैं।
राज्य में जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम और श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में होने वाली स्वतंत्रता दिवस परेड और समारोह सुरक्षा बलों की निगरानी में होंगे।
बख्शी स्टेडियम के चारों ओर बेहतरीन निशानेबाजों को तैनात किया गया है ताकि आतंकवादी समारोह में शामिल भीड़ पर हमला न कर सकें।
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) जावेद मुज्तबा गिलानी ने श्रीनगर में संवाददाताओं को बताया, “श्रीनगर शहर और घाटी की अन्य जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं ताकि आतंकवादी हमला कर सामान्य स्थिति को बाधित न कर सकें।”
बुलेट प्रूफ जैकेट पहनें और स्वचालित हथियारों से लैस पुलिसकर्मियों का समूह श्रीनगर शहर में आने-जाने वाले हर वाहन को रोक कर जांच कर रहे हैं।
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “15 अगस्त के अवसर पर श्रीनगर शहर में सुरक्षा इंतजामों के तहत प्रवेश द्वारों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आस-पास निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।”
जम्मू क्षेत्र के उधमपुर जिले में हाल ही में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर जम्मू शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 5 अगस्त को हुए इस हमले में बीएसएफ के तीन जवान शहीद हो गए और 11 जवान घायल हो गए तथा एक आतंकवादी मारा गया।
जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) दानिश राणा ने कहा, “सभी जरूरी एहतियात किए गए हैं, हमने सीमाओं पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं ताकि आतंकवादी घुसपैठ न कर सकें। सुरक्षा बलों की तैनाती से रात में भी किसी भी तरह की घुसपैठ नहीं हो सके ,इसे सुनिश्चित किया गया है। पड़ोसी जिलों से आने वाले सभी वाहनों की कड़ाई से जांच की जा रही है।”
dharmpath.com dharmpath