कोलकाता, 8 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में निवेश आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उद्योगपतियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए शुक्रवार को कहा कि सरकार ‘उनके कर्मचारी की तरह’ काम करेगी।
बंगाल में चल रहे दो दिवसीय वैश्विक उद्योग सम्मेलन में बनर्जी ने 2011 में उनके सत्ता में आने के बाद की उपलब्धियों का बखान किया।
बनर्जी ने कहा, “कृपया बंगाल में निवेश करें। आपको जो भी मदद चाहिए, चाहे वो छोटा उद्योग हो या बड़ा पूंजी निवेश हो, चाहे वह कृषि में किया जाने वाला निवेश हो या सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित उद्योग हो या फिर शिक्षा में निवेश या मध्यम उद्योग हो। आपको जो भी मदद चाहिए, सरकार आपके कर्मचारी की तरह काम करेगी। आप मेरे नियोक्ता होंगे और हम आपके कर्मचारी रहेंगे।”
बनर्जी ने औद्योगिक उद्देश्यों के लिए विभिन्न कोर समूह के गठन के बारे में कहा, “हमारे उद्योग विभाग हमारे व्यवसायी मित्र चला रहे हैं, न कि हम। हमने उनके लिए कोर समूह का गठन किया है।”
उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनावों में जीत का विश्वास भी जताया। बनर्जी ने कहा, “चुनाव आने वाले हैं, लेकिन इसमें घबराने की कोई बात नहीं है। हमारी सरकार ही फिर सत्ता में आएगी।”
dharmpath.com dharmpath