शिमला, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। अगर इस सप्ताह के अंत में आप छुट्टियां मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश आने की सोच रहे हैं, तो यहां हल्की बारिश आपका स्वागत कर सकती है। मौसम विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां कहा, “एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 16 अप्रैल से क्षेत्र में सक्रिय हो रहा है, जिससे गरज के साथ बारिश की संभावना है।”
उन्होंने कहा कि प्रमुख पर्यटन स्थल जैसे शिमला, कसौली, कुफरी, नारकंदा, धर्मशाला, पालमपुर, डलहौजी तथा मनाली में 18 अप्रैल तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना है। इससे तापमान गिरेगा और मौसम सुहावना हो जाएगा।
राज्य अभी शुष्क मौसम का सामना कर रहा है। कालपा में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि धर्मशाला में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य की राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मनाली में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उना में सर्वाधिक तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath