हिमाचल : मोदी का पुतला फूंकते समय कांग्रेस कार्यकर्ता झुलसे

शिमला, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने की कोशिश कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ता झुलस गए।

पुलिस ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी के पुतले को आग लगाने की कोशिश कर रहे थे और उसी दौरान डीजल के एक डिब्बे में धमाका हो गया, जिसमें चार कार्यकर्ता घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से झुलस गया है और उसे इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कांग्रेस और अन्य नेताओं के खिलाफ जारी दुर्भावनापूर्ण राजनीति के विरोध में उसने सभी 17 संगठनात्मक जिलों में विरोध-प्रदर्शन किया।

कहा गया कि शिमला में विरोध-प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुखू ने की।

हालांकि बयान में यह नहीं बताया गया कि हादसे में कौन-कौन कांग्रेस कार्यकर्ता झुलसे हैं।

सुखू ने विरोध रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने कांग्रेस के खिलाफ एक दुर्भावनापूर्ण एजेंडे की शुरुआत की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493