हैदराबाद में फिरौती के लिए युवक की हत्या

हैदराबाद, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। हैदराबाद में बुधवार को अगवा किए गए एक युवक का शव मिला है। युवक एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था।

पुलिस ने गुरुवार को बताया राकेश रेड्डी (28) का शव गुरुवार सुबह राजधानी हैदराबाद के बाहरी इलाके में ईसीआईएल के करीब जवाहरनगर में एक इमारत से मिला।

राकेश का बुधवार को उस वक्त अपहरण कर लिया गया था, जब वह नगरम स्थित अपने घर से एक समारोह में शामिल होने शमीरपेट जा रहा था।

राकेश के पिता बाल रेड्डी के मोबाइल पर अपहर्ताओं का एक संदेश आया था, जिसमें लिखा था कि वे एक महीने से उनकी बेटी को अगवा करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनका बेटा हत्थे चढ़ गया। अपहर्ताओं ने बाद में संदेश भेजकर रात नौ बजे तक आठ लाख रुपये की फिरौती देने की मांग की।

पीड़ित पिता ने अपहर्ताओं से कहा कि वह इतनी बड़ी रकम नहीं जुटा सकते। उन्होंने बाद में बेटे के अपहरण और अपहर्ताओं के संदेश के बारे में पुलिस को सूचना दी।

इस बीच, गुरुवार सुबह युवक का शव मिलने की सूचना मिली। राकेश का शव सबसे पहले उसके एक परिचित ने देखा और उसी ने पुलिस को सूचना दी।

राकेश ने हाल ही में बी.टेक की पढ़ाई पूरी की थी। उसके पिता सिंगरेनी कोलियरीज के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और मूलरूप से तेलंगाना के करीमनगर जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493