नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। निठारी कांड की तर्ज पर 15 बच्चों के साथ दुष्कर्म करने और उनकी हत्या करने के आरोपी दरिंदे को पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के दक्षिणी दिल्ली इलाके से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी युवक 2008 से वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसने कुछ दिनों पहले ही छह साल की एक लड़की को अपना शिकार बनाया था।
24 वर्षीय रवींद्र कुमार को छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और उसकी हत्या करने के आरोप में 16 जुलाई को दक्षिणी दिल्ली के बेगमपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने एक प्रेसवार्ता में कहा, “14 जुलाई को हमें बेगमपुर में एक नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत मिली थी। मामले की छानबीन के बाद पुलिस ने 16 जुलाई को रवींद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया था।”
अधिकारी ने बताया, “पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया और यह भी खुलासा किया कि 2008 के बाद से वह 14 बच्चों के साथ दुष्कर्म कर उनकी हत्या कर चुका है।”
रवींद्र कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले का रहने वाला है और वह दिल्ली के कराला गांव में रहता था।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, “रवींद्र विकृत मानसिकता वाला व्यक्ति प्रतीत होता है। गिरफ्तारी के समय उसकी मानसिक स्थिति सामान्य थी। अगर आवश्यकता पड़ी तो हम ब्रेन मैपिंग टेस्ट और साइकॉलॉजिकल प्रोफाइलिंग कराएंगे।”
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस इस तरह के सात मामलों में रवींद्र कुमार की संलिप्तता साबित करने में सक्षम है। ज्यादातर पीड़ित दिल्ली के बाहरी इलाके जैसे बेगमपुर, कंझावल, समयपुर बादली, मुंडका और विजय नगर से हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “इस मामले ने 2005 और 2006 में नोएडा में हुए निठारी हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं। इस मामले में कई लड़कियां लापता थीं और सुरिदर कोली ने उनकी हत्या कर दी थी।”
पूछताछ के दौरान रवींद्र ने पुलिस को बताया कि वह बच्चों को टॉफी और पैसे से लुभाता था और उन्हें एकांत में ले जाकर उनकी हत्या करने से पहले उनके साथ दुष्कर्म करता। इसके बाद वह उनके शव को नाले में फेक देता अथवा उन्हें जला देता।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि 14 जुलाई को एक बच्ची के लापता होने की शिकायत बेगमपुर थाने में दर्ज कराई गई थी।
छापेमारी के दौरान बच्ची का शव एक खाली घर में मिला था।
पुलिस को बच्ची के शव के साथ ही घटनास्थल पर एक ड्राइविंग लाइसेंस मिला था, जिसे सन्नी के नाम पर जारी किया गया था। उस दौरान सन्नी से एक अन्य मामले के संबंध में कंझावल पुलिस थाने में पूछताछ की जा रही थी।
सन्नी ने खुलासा किया कि हाल ही में उसकी रवींद्र से हाथापाई हुई थी। हाथापाई में रवींद्र उसकी मोटरसाइकिल और ड्राइविंग लाइसेंस छीनकर भाग गया था।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, “हमने छापेमारी शुरू की और रवींद्र कुमार को कंझावल से दबोच लिया। पूछताछ में रवींद्र ने स्वीकार्य किया कि वह पहले भी कई बच्चों की हत्या कर चुका है।
पिछले साल बेगमपुर में ही एक नाबालिग लड़के पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने रवींद्र को गिरफ्तार किया था।
dharmpath.com dharmpath