नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक के लिए और 30,000 टन दाल आयात करने का फैसला लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मूल्य स्थिरीकरण कोष की बैठक की बुधवार को अध्यक्षता करते हुए उपभोक्ता मामलों के सचिव हेम पांडे ने 20 हजार टन अरहर दाल तथा 10 हजार टन उड़द दाल के ताजा आयात का फैसला किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सरकारी एजेंसियों ने घरेलू बाजार के लिए 11.9 लाख टन दालों की खरीद की है।
एक सूत्र ने कहा, “उपभोक्ता मामलों का विभाग राज्य सरकारों से वितरण के लिए बफर स्टॉक से उठाए गए दालों की बिक्री 120 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक कीमत पर नहीं करने को कहा है। राज्यों को अरहर की दाल 67 रुपये प्रति किलोग्राम तथा उड़द की दाल 82 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मुहैया कराई जा रही हैं।”
राज्यों को एक अगस्त, 2016 तक 29,000 क्विंटल से अधिक दाल आवंटित किया जा चुका है, जबकि केवल तीन राज्यों ने अपने आवंटन में से थोड़ी मात्रा में दाल उठाई है।
केंद्र सरकार ने पिछले महीने राज्यों से आग्रह किया कि वे दाल, खाद्य तेल, व अन्य आवश्यक वस्तुओं को सभी तरह के स्थानीय करों से मुक्त करें, ताकि ये चीजें लोगों को उचित कीमत पर मिल सकें।
केंद्र सरकार ने दालों व अन्य खाद्य वस्तुओं की जमाखोरी पर सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों से अधिकारियों के एक समूह का गठन किया है।
सरकार द्वारा कई तरह के प्रयास के बावजूद दालों की कीमतें आसमान छू रही हैं।
dharmpath.com dharmpath