अलीराजपुर, 7 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिला स्थित चंद्रशेखर आजाद की जन्मभूमि भाबरा में नौ अगस्त को होने वाली सभा ‘जरा याद करो कुर्बानी’ के लिए पीले चावल देकर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। इस सभा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करने वाले हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नौ अगस्त के प्रस्तावित भाबरा प्रवास के मद्देनजर तैयारियां जोरों पर हैं। सरकारी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन स्तर पर लोगों को भाबरा तक ले जाने की तैयारी चल रही है।
इसी क्रम में सहकारिता राज्यमंत्री विश्वास सारंग ने शनिवार को चंद्रशेखर आजाद नगर और आसपास के क्षेत्रों में आम नागरिकों से घर-घर जाकर संपर्क किया। उन्होंने पीले चावल देकर लोगों को नौ अगस्त की सभा में आने के लिए आमंत्रित किया।
राज्यमंत्री सारंग ने सभास्थल ग्राम झोतराड़ा का जायजा लिया और वर्षा होने पर अधिकारियों को संभावित जरूरतें पूरी करने के निर्देश दिए।
dharmpath.com dharmpath