प्रधानमंत्री चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली पहुंचेंगे

अलीराजपुर, 9 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को महान सेनानी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली मध्य प्रदेश के अलीराजपुर स्थित भाबरा पहुंचेंगे।

यहां वह आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। मोदी यहां 70वें स्वतंत्रता दिवस वर्ष समारोह ‘याद करो कुर्बानी’ अभियान की शुरुआत करेंगे।

आयोजन को सफल बनाने की तैयारियां की गई हैं, पर बारिश मुसीबत बनी हुई है।

आधिकारिक तौर पर जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली से सुबह 10.30 बजे विमान से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे। वह 11.55 बजे इंदौर विमानतल पहुंचेंगे, जहां से वह हेलीकॉप्टर से अलीराजपुर जिले के ग्राम करेटी हेलीपेड जाएंगे।

प्रधानमंत्री करेटी से रवाना होकर चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) जाएंगे और दोपहर 1.20 से 1.30 बजे के मध्य अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।

इसके बाद वह यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वह दोपहर 2.50 बजे सभास्थल से रवाना होकर कटेरी हेलीपेड पहुंचेंगे, जहां से वह हेलीकॉप्टर से इंदौर विमान-तल के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री इंदौर से शाम 4.10 बजे विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन की ओर से जोरदार तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, लेकिन बीते दो दिनों से जारी बारिश के चलते जगह-जगह कीचड़ हो गया है, जिससे भाबरा और फिर सभास्थल तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493