महंगाई को 6 फीसदी से कम किया : मोदी

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि सरकार ने सालाना महंगाई दर को छह फीसदी से नीचे ला दिया है और अब हम भारतीय रिजर्व बैंक के साथ मिलकर इसे चार फीसदी (दो फीसदी ऊपर-नीचे) तक लाने में जुटे हैं।

साल 2021 तक चार फीसदी महंगाई दर के लक्ष्य का समर्थन करते हुए मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस अपने संबोधन में कहा, “हम आरबीआई के साथ मिलकर महंगाई को चार फीसदी (दो फीसदी ऊपर-नीचे) तक लाने में जुटे हैं। हम महंगाई बनाम विकास की चर्चा से आगे बढ़ रहे हैं और कीमतों में एक निर्धारित स्तर से ज्यादा वृद्धि न हो, इस दिशा में काम कर रहे हैं।”

व्यापक आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए 2015 में आरबीआई के साथ मौद्रिक नीति कार्ययोजना पर किए गए समझौते के तहत सरकार ने पांच अगस्त को अधिसूचना जारी कर मुद्रास्फीति का लक्ष्य तय किया था।

सरकार हर पांच साल में आरबीआई के परामर्श से मुद्रास्फीति लक्ष्य यानी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक या खुदरा मुद्रास्फीति का निर्धारण करेगी।

मोदी ने कहा, “पिछले दो साल लगातार सूखे के बावजूद मुद्रास्फीति छह फीसदी से कम रही और कृषि उत्पादन स्थिर रहा। हमारी सरकार को सूखे के कारण महंगाई की समस्या से जूझना पड़ा।”

मोदी ने आगे कहा कि पिछली सरकार के समय में मुद्रास्फीति का स्तर 10 फीसदी को पार कर गया था, लेकिन हमने इसे छह फीसदी से ज्यादा नहीं बढ़ने दिया। मैं यह सुनिश्चित करने का कठिन प्रयास जारी रखूंगा कि महंगाई से गरीबों की थाली पर असर न पड़े।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493