मणिपुर : नाकेबंदी से जरूरी वस्तुओं की बेहद कमी

इंफाल, 19 अगस्त (आईएएनएस)। साल 2013 में पुलिस में भर्ती के लिए हुई परीक्षा के परिणामों की घोषणा में देरी के खिलाफ परीक्षार्थियों की आर्थिक नाकेबंदी से मणिपुर में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। बाजार में इनकी कीमतें आसमान छू रहीं हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि मणिपुर के राजमार्गो पर मंगलवार रात से शुरू हुई आर्थिक नाकेबंदी 23 अगस्त तक जारी रहेगी। उनकी नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि एक तरफ तो तीन साल पहले कराई गई भर्ती परीक्षा के परिणाम आज तक नहीं आए हैं और इसी बीच राज्य सरकार ने हाल में पुलिस कांस्टेबल की भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन करा दिया।

उम्मीदवार लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर साक्षात्कार भी दे चुके हैं। और, इसके बावजूद अभी भी परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी और गृह मंत्री गईखंगम ने उन्हें भरोसा दिया था कि परिणाम जल्द ही घोषित किए जाएंगे। लेकिन, उनकी अपील को दरकिनार करते हुए सरकार ने नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया को अंजाम दिया।

बीते दो दिनों में नाकेबंदी समर्थकों ने एक ट्रक में आग लगा दी और कई दूसरे वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

सभी पेट्रोल पंप सूखे पड़े हुए हैं, हालांकि सरकार का दावा है कि एक महीने से ज्यादा समय के लिए ईंधन का भंडार मौजूद है।

नाकेबंदी के अलावा, इनर लाइन परमिट प्रणाली पर संयुक्त समिति के पूर्व संयोजक खोमदरम रतन की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार की मध्यरात्रि से 48 घंटे की आम हड़ताल भी शुरू हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493