दरभंगा, 19 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर तेजाब से हमला कर दिया, जिससे पांच लोग जख्मी हो गए।
पुलिस के अनुसार, बेंता क्षेत्र में अशर्फी यादव और लक्ष्मीनिया देवी के बीच काफी दिनों से भूमि विवाद चल रहा है। इसी बीच शुक्रवार को अशर्फी यादव के बेटे शंकर यादव, मुकेश यादव और प्रभु यादव मकान में मरम्मत का काम करा रहे थे। वहीं दूसरी ओर अशर्फी यादव का भतीजा और रामाशीष यादव के पुत्र संतोष यादव और राजेश यादव बगल में शौचालय का निर्माण करवा रहे थे।
इस दौरान शंकर यादव, मुकेश यादव कई लोगों के साथ शौचालय का निर्माण कार्य रोकने पहुंचे। काफी देर तक दोनों ओर से नोकझोंक होने के बाद विवाद और बढ़ गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी और रॉड से हमला कर दिया। इसी दौरान तेजाब फेंकने की घटना घटी।
लहेरियासराय के थाना प्रभारी ज़े पी़ सिंह ने बताया कि इस हमले में दोनों ओर से पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath