देवरिया, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को देवरिया की रूद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से किसान महायात्रा की शुरुआत की। इस दौरान वह जगह-जगह खाट पंचायत कर किसानों की समस्याओं से रूब-रू होंगे। एक महीने तक चलने वाली यह यात्रा करीब 2500 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद दिल्ली में समाप्त होगी।
राहुल गांधी देवरिया के रूद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के पचलडी गांव स्थित बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर से विशेष बस में सवार होकर रवाना हुए। उनके वाहन के आगे-आगे दर्जन भर घुड़सवार चल रहे हैं। स्कूली छात्राओं ने जगह-जगह राहुल पर फूल बरसाए।
कांग्रेस उपाध्यक्ष का कार्यक्रम पचलडी से शुरू हुआ। यहां उन्होंने दलित बस्ती में लोगों से सम्पर्क किया। मुलाकात के दौरान उन्होंने इलाके के पिछड़ेपन के बारे में लोगों से चर्चा की।
इससे पूर्व राहुल गांधी हेलीकॉप्टर से गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरे। मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर को उतरने में समय लगा। यहां उतरने के बाद वह बस से देवरिया के पचलडी गांव पहुंचे।
राहुल गांधी के अधिकारिक ट्वीट्र पृष्ठ पर कहा गया, “पचलडी गांव से घर-घर अभियान की शुरुआत हो गई। किसानों से मुलाकात की और किसान मांग पत्र प्राप्त किए जिसमें उनकी मांगे रेखांकित हैं।”
राहुल के साथ कांग्रेस के उप्र प्रभारी गुलाम नबी आजाद भी मौजूद हैं। राहुल गांधी देवरिया के सतासी इंटर कॉलेज में आयोजित खाट पंचायत को सम्बोधित करेंगे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में पिछले 27 सालों से सत्ता से बाहर कांग्रेस को पटरी पर लाने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन की सबसे लम्बी यात्रा देवरिया से शुरू की है।
खाट सभाओं में गांधी 70 से 80 किसानों के साथ खाट पर बैठकर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। यात्रा के दूसरे दिन सात सितम्बर को गांधी गोरखपुर से प्रस्थान करेंगे और बस्ती होते हुए संतकबीर नगर जिले में प्रवेश करेंगे।
गांधी की यात्रा 39 जिलों में होते हुए 55 लोकसभा सीटों के 233 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस दौरान अयोध्या में अपने प्रवास के दौरान गांधी ‘रामलला’ समेत कई अन्य मंदिरों में भी दर्शन करेंगे। कांग्रेस इस यात्रा के दौरान खाट सभा पर विशेष ध्यान दे रही है ।
dharmpath.com dharmpath